रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी के बीच जल्द शुरू हो सकती है फ्लाइट:एलायंस एयर ने DGCA को भेजा शेड्यूल

सरगुजा। एलायंस एयर रायपुर से अंबिकापुर होकर वाराणसी के लिए जल्द हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी में है। कंपनी ने इसके लिए विंटर फ्लाइट शेड्यूल DGCA को भेजा है। प्रस्तावित सेवा सप्ताह में दो दिन संचालित की जा सकती है। इसके अलावा एक दिन रायपुर-अंबिकापुर होकर रांची या पटना के लिए भी फ्लाइट शुरू करने की तैयारी है।
अंबिकापुर से हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की कोशिश के बीच एलायंस एयर ने पहले बिलासपुर-अंबिकापुर-दिल्ली और कोलकाता के लिए सेवा शुरू की थी। यात्रियों की कमी के कारण कोलकाता फ्लाइट बंद हो चुकी है।
वर्तमान में दिल्ली के लिए फ्लाइट सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार को चल रही है। विंटर शेड्यूल में इसे एक दिन करने की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
कोलकाता सेवा बंद होने के बाद रायपुर से अंबिकापुर होकर वाराणसी के लिए हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी की गई है। एलायंस एयर ने इस रूट का प्रस्तावित विंटर शेड्यूल DGCA को भेजा है। प्रस्ताव के मुताबिक सप्ताह में दो दिन फ्लाइट संचालित हो सकती है।
कंपनी की बुकिंग वेबसाइट पर अंबिकापुर-रायपुर रूट शेड्यूल किया गया है, लेकिन वाराणसी, रांची या पटना को अभी इसमें शामिल नहीं किया गया है। शेड्यूल को मंजूरी मिलने के बाद इन रूट की जानकारी अपडेट की जा सकती है।