रायपुर। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत रविवार से हो गई। पहले दिन प्रदेशभर के 5841 किसान खरीदी केंद्रों में पहुंचे और 20460 टन धान बेचा। इस साल किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा। एक एकड़ में अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा।
सरकार ने खरीदी केंद्रों की संख्या भी 2740 से बढ़ाकर 3100 कर दी है। सीमावर्ती राज्यों से धान की तस्करी रोकने के लिए महासमुंद में 15 और सुकमा में 14 चेक पोस्ट बनाए गए है।
रायपुर में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जोरा, मुरेठी और नगपुरा केंद्रों का निरीक्षण किया। नगपुरा में उन्होंने खुद नमी मापक यंत्र से धान की जांच की और तौल भी कराई।
दुर्ग जिले के 39 संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अवैध धान की आवक रोकने सुकमा में 14 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। इस बार 27.50 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। तुंहर टोकन ऐप, एग्रीस्टैक, डिजिटल क्रॉप सर्वे और बायोमेट्रिक पहचान से खरीदी प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया है।