रायपुर के गोपाल मंदिर में कानजगाई की परंपरा निभाई

रायपुर। गोवर्धन पूजा से एक दिन पहले रायपुर के सदर बाजार स्थित गोपाल मंदिर में कानजगाई की खास परंपरा निभाई गई। इसमें मंदिर के मुखियाजी ने गोमाता के कान में मंत्र बोलकर उन्हें अगले दिन होने वाली गोवर्धन पूजा में शामिल होने का न्योता दिया।
इसके बाद गोवंश के साथ गोमाता को पूजा में शामिल किया गया। गोपाल मंदिर में 16 नवंबर को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट उत्सव मनाया जाएगा।
मंदिर के ट्रस्टी राजकिशोर नत्थानी ने बताया कि 15 नवंबर की शाम को कानजगाई की रस्म हुई। इसमें मुखियाजी ने गोमाता के कान में मंत्र बोलकर उन्हें गोवर्धन पूजा का निमंत्रण दिया। यह मंदिर की पुरानी परंपरा है।
गोपाल मंदिर में ऐसे होंगे आयोजन
16 नवंबर को सुबह 10.30 बजे से गोवर्धन पूजा होगी। दोपहर 3 बजे से अन्नकूट महोत्सव शुरू होगा। शाम 5.30 बजे तक श्रद्धालु मंदिर में अन्नकूट के दर्शन कर सकेंगे। वहीं शाम 7.30 बजे से प्रसाद वितरण किया जाएगा।
गिरिराज मंदिर में 18 को अन्नकूट
बूढ़ापारा स्थित गिरिराज मंदिर में 18 नवंबर को अक्षय नवमी पर अन्नकूट उत्सव मनाया जाएगा। मंदिर के मुखिया अभिषेक त्रिवेदी ने बताया कि सुबह गोवर्धन पूजा होगी। दोपहर 3 बजे ठाकुरजी को अन्नकूट का भोग लगाया जाएगा। यहां भी एक दिन पहले कानजगाई की रस्म निभाई जाएगी।