केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज करनाल से ‘खेत बचाओ अभियान-रबी 2026’ का शुभारंभ करेंगे

नई दिल्ली। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय स्थायी कृषि को बढ़ावा देने, मिट्टी के स्वास्थ्य में सुधार और कृषि संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए 22 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक राष्ट्रव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान-रबी 2026’ अभियान शुरू कर रहा है। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान हरियाणा के करनाल से इस अभियान का शुभारंभ करेंगे।

यह अभियान मिट्टी के स्वास्थ्य में सुधार, उर्वरकों और अन्य कृषि सामग्रियों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने, पानी के उपयोग की दक्षता बढ़ाने तथा संसाधनों की बचत करने वाली और जलवायु के अनुकूल खेती के तरीकों को अपनाने को प्रोत्साहित करने पर केंद्रित होगा। इस दौरान हरित अमोनिया और जैविक उत्पादों का सही इस्तेमाल; जल संरक्षण; फसल विविधीकरण और उपयुक्त फसलों व किस्मों के साथ मिश्रित खेती; धान की कटाई के बाद खाली पड़ी जमीन का बेहतर उपयोग; प्राकृतिक खेती और एकीकृत कृषि प्रणालियों के बारे में जागरूकता पैदा करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

इस अभियान के तहत क्षमता निर्माण, कृषि का मशीनीकरण और बेहतर तकनीकों का खेतों में व्यावहारिक प्रदर्शन – जिसमें पुनरुत्पादक कृषि (रीजेनरेटिव एग्रीकल्चर) पद्धतियों पर ज्यादा फोकस किया जाएगा।

इस अभियान का उद्देश्य किसानों के बीच मिट्टी की जांच के आधार पर उर्वरकों और अन्य कृषि सामग्रियों के संतुलित और विवेकपूर्ण उपयोग के बारे में जागरूकता पैदा करना है। यह तिलहन, दलहन और बागवानी मिशनों के माध्यम से फसल विविधीकरण को बढ़ावा देगा, धान की कटाई के बाद खाली पड़े खेतों के प्रभावी उपयोग को प्रोत्साहित करेगा और फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन को बढ़ावा देगा।

इसके अलावा, ‘खेत बचाओ अभियान-रबी 2026’ किसानों को जैविक और जैव-आधारित कृषि उत्पादों के सही उपयोग के बारे में प्रशिक्षित करने पर भी ध्यान केंद्रित करेगा। साथ ही साथ जागरूकता कार्यक्रमों, प्रशिक्षण सत्रों तथा खेतों में व्यावहारिक प्रदर्शनों के माध्यम से प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देगा। इसके अलावा यह जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और भूजल पुनर्भरण पर जोर देगा, साथ ही प्राकृतिक संसाधनों को बचाने और कृषि की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए बेहतर कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देगा।