दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के 40 किमी लंबे पठानकोट-दयालाचक खंड के दिसंबर में खुलने की संभावना: जितेंद्र सिंह

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर का दुर्गम भौगोलिक क्षेत्र धीरे-धीरे कनेक्टिविटी के एक नए युग की ओर अग्रसर हो रहा है। इसी कड़ी में दिल्ली से जम्मू-कश्मीर के कटरा को जोड़ने वाले दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे पर तेजी से कार्य जारी है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि इस एक्सप्रेसवे का लगभग 40 किलोमीटर लंबा महत्वपूर्ण पठानकोट-दयालाचक खंड दिसंबर में खुल सकता है।
केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने आज गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे अपडेट। इस क्षेत्र में कनेक्टिविटी को एक बड़ा विस्तार। दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का लगभग 40 किलोमीटर लंबा पठानकोट-दयालाचक खंड दिसंबर तक खुलने की उम्मीद है।”
उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “इससे लखनपुर टोल प्लाजा से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा और यात्रा का समय 50-70 मिनट से घटकर सिर्फ 25-30 मिनट रह जाएगा। ‘यात्रा को आसान’ बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जो नरेंद्र मोदी सरकार की एक प्रमुख विशेषता रही है।”
आपको बता दें कि दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे 667 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड राजमार्ग है, जो दिल्ली को अमृतसर और कटरा से जोड़ता है। इसे तेज सड़क संपर्क उपलब्ध कराने, राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर यातायात का दबाव कम करने और माता वैष्णो देवी मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंच को सुगम बनाने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है।
जुलाई 2026 में इस एक्सप्रेसवे के प्रमुख खंडों का उद्घाटन किया गया, जो दिल्ली और कटरा के बीच संपर्क बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह दिल्ली से अमृतसर और दिल्ली से कटरा की यात्रा में लगने वाले समय को आधा कर देगा। इसके पूर्ण हो चुके खंडों से दिल्ली से कटरा तक की यात्रा का समय लगभग 14 घंटे से घटकर करीब 6 घंटे होने की उम्मीद है। यह कॉरिडोर तीर्थयात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ मार्ग के आसपास औद्योगिक गतिविधियों और माल ढुलाई व लॉजिस्टिक्स को भी बढ़ावा देगा।