मई के पहले हफ्ते से तेंदूपत्ता खरीदी, 5500 रुपए प्रति बोरा

कवर्धा। कवर्धा जिले में तेंदूपत्ता संग्रहण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। वन विभाग और समितियों ने आगामी सीजन के लिए पूरी तरह कमर कस ली है। मई के पहले सप्ताह से तेंदूपत्ता खरीदी शुरू होने की संभावना है, जिससे वनांचल के हजारों परिवारों को रोजगार और आय का अवसर मिलेगा।
जिले में इस वर्ष साफ और गुणवत्ता युक्त पत्तों की अधिकतम खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। पिछले वर्ष करीब 40 हजार 100 मानक बोरा तेंदूपत्ता खरीदा गया था और इस बार इससे बेहतर प्रदर्शन करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। तेंदूपत्ता खरीदी के लिए जिले में 19 समितियों का गठन किया गया है जबकि 24 संग्रहण केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से संग्राहकों से पत्तों की खरीदी की जाएगी।
वनांचल क्षेत्रों में इसे हरा सोना कहा जाता है, क्योंकि यह स्थानीय ग्रामीणों के लिए आय का प्रमुख स्रोत है। मुख्य रुप से बैगा और आदिवासी परिवार बड़ी संख्या में तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य करते हैं। इस कार्य से उन्हें सीजन के दौरान अच्छा रोजगार मिलता है और आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।