रिटायर्ड कॉन्स्टेबल के बेटे का बाइक पर खतरनाक स्टंट, पुलिस ने माफी मंगवाई

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रिटायर्ड आरक्षक के बेटे ने बाइक को एक पहिए पर चलाते हुए वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उस पर 2 हजार रुपए की चालानी कार्रवाई की।
इसके अलावा रिटायर्ड पुलिसकर्मी के बेटे ने माफी मांगी है। उसने कहा कि मैं ट्रैफिक नियमों का पालन करूंगा और बाइक चलाते समय हेलमेट पहनूंगा। पुलिस ने स्टंटबाजी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। मामला तमनार थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक वायरल वीडियो हुंकराडीपा तमनार रोड का है। स्टंट करने वाले युवक की पहचान शाश्वत सिदार (20) के रूप में हुई है, जो ग्राम कुंजेमुरा का निवासी है। शाश्वत के पिता नरेंद्र सिदार रिटायर्ड पुलिसकर्मी हैं।
बिना हेलमेट पहने चलाई बाइक
शाश्वत ने बिना हेलमेट पहने सड़क पर खतरनाक तरीके से स्टंटबाजी करते हुए रील बनाई, जो बाद में वायरल हो गई। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच की, जिसमें यह पुष्टि हुई कि घटना तमनार थाना क्षेत्र की है।
ऐसे में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक की पहचान करवाई। युवक की पहचान शाश्वत के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वीडियो उसी ने बनाया और अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया था।
इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन पर 2 हजार रुपए जुर्माना की कार्रवाई की। इसके अलावा थाना प्रभारी ने युवक को समझाया कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी करना बहुत खतरनाक होता है और इससे बड़े हादसे हो सकते हैं। इसके कानूनी नुकसान के बारे में भी बताया और उसे कड़ी फटकार लगाई।