आयुष चिकित्सकों की एकजुटता का परिणाम, परिषद चुनाव में पांचों संभागों में संघ को जीत

रायपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्वेद अधिकारी संघ ने छत्तीसगढ़ आयुर्वेद तथा यूनानी चिकित्सा पद्धति एवं प्राकृतिक चिकित्सा परिषद के चुनाव में ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए प्रदेश के पांचों संभागों में अपने अधिकृत प्रत्याशियों को विजयी बनाया। यह परिणाम आयुष चिकित्सकों की एकजुटता, संगठन के प्रति विश्वास और सामूहिक प्रयासों की बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है।
चुनाव में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर एवं सरगुजा—पांचों संभागों में संघ के अधिकृत प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। संभागवार परिणाम इस प्रकार रहे—

 

1. रायपुर संभाग: डॉ. ऐश्वर्य कुमार साहू ने 658 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। डॉ. अजीत पांडेय को 183 तथा डॉ. शिवनारायण द्विवेदी को 175 मत प्राप्त हुए।
2. दुर्ग संभाग: डॉ. सुनील टंडन 612 मत प्राप्त कर विजयी रहे। सत्यसंस्कार बरले को 71, डॉ. आशीष पाल को 21 तथा डॉ. शिशिरकांत शुक्ला को 17 मत प्राप्त हुए।
3. बिलासपुर संभाग: डॉ. निशांत कौशिक ने 537 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। डॉ. अमित मिरी को 367, डॉ. सुरेंद्र मिश्रा को 125, डॉ. सोमेश को 51 तथा डॉ. खुर्शीद खान को 23 मत प्राप्त हुए।
4. बस्तर संभाग: डॉ. जितेंद्र ठाकुर 211 मत प्राप्त कर विजयी रहे। डॉ. योगेश शर्मा को 35 तथा डॉ. प्रदीप दास को 15 मत प्राप्त हुए।
5. सरगुजा संभाग: संघ के अधिकृत प्रत्याशी डॉ. राजनीश जायसवाल ने 326 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। डॉ. अमित पांडेय को 225, डॉ. भुवन भास्कर को 9 तथा डॉ. आलोक कुमार को 8 मत प्राप्त हुए।

प्रांताध्यक्ष ने जताया आभार, आयुष के उत्थान के लिए एकजुटता का आह्वान

 

छत्तीसगढ़ आयुर्वेद अधिकारी संघ के प्रांताध्यक्ष डॉ. गदाधर पांडा ने इस ऐतिहासिक सफलता पर सभी चिकित्सकों, पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे आयुष परिवार के सामूहिक विश्वास और सहयोग की जीत है। चुनाव में सभी प्रतिभागी साथी अपने हैं। चुनावी प्रतिस्पर्धा को यहीं समाप्त कर सभी को मिलकर आयुष चिकित्सा पद्धति के उत्थान, चिकित्सकों के हितों की रक्षा और परिषद को सशक्त बनाने के लिए कार्य करना चाहिए।
संघ की ओर से डॉ. संजय शुक्ला के प्रति निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए आभार व्यक्त किया गया।

रायपुर संभाग से विजयी डॉ. ऐश्वर्य कुमार साहू ने सभी वरिष्ठ एवं कनिष्ठ चिकित्सकों, आयुर्वेद, यूनानी एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति से जुड़े चिकित्सक साथियों तथा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह विजय केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि समस्त आयुष चिकित्सकों के विश्वास और सहयोग का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में सभी को साथ लेकर चलने तथा आयुर्वेद एवं संपूर्ण आयुष परिवार के उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प दोहराया।

उच्च न्यायालय के निर्देश पर संपन्न हुई मतगणना

 

ज्ञात हो कि परिषद चुनाव की मतगणना उच्च न्यायालय के निर्देश के परिप्रेक्ष्य में संपन्न हुई। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद संघ ने सभी विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि सभी निर्वाचित प्रतिनिधि परिषद की गरिमा, पारदर्शिता और चिकित्सकों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करेंगे।

छत्तीसगढ़ आयुर्वेद अधिकारी संघ ने सभी विजयी प्रत्याशियों एवं चुनाव में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए आह्वान किया कि चुनावी मतभेदों से ऊपर उठकर सभी मिलकर छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद, यूनानी एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के विकास तथा आयुष चिकित्सकों के सम्मान और अधिकारों के लिए एकजुट होकर कार्य करें।