रायपुर। रायपुर में एक बार फिर पेट्रोल डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार को जारी नई कीमत के अनुसार तेल कंपनियों ने फ्यूल के दाम में करीब 90-90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी किए हैं। जिसके बाद रायपुर में 1 लीटर पेट्रोल ₹104.32 रुपए में मिल रहा है। दाम में बढ़ोतरी का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा। बता दें कि मिडिल ईस्ट तनाव की वजह से इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में उबाल जारी है। जिसके चलते ईंधन की कीमतों में इजाफा देखने को मिल रहा है।
4 दिन पहले 3-3 रुपए बढ़ाए थे दाम
उल्लेखनीय है चार दिन पहले तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम 3-3 रुपए तक बढ़ाए थे। वहीं आज फिर कीमतों में इजाफा हुआ है। बता दें कि डीजल महंगा होने का असर सिर्फ वाहनों तक सीमित नहीं रहेगा। ट्रकों और मालवाहक वाहनों का खर्च बढ़ने से दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल, राशन और अन्य जरूरी सामान महंगे हो सकते हैं। इधर पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी होने से घर का बजट गड़बढ़ाएगा।