रायपुर। जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ईरान को हराकर गोल्ड मेडल जीता है। टीम की इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ के कोरबा की रहने वाली संजू देवी ने भी अहम भूमिका निभाई। वह टीम के लिए एक शानदार रेडर के रूप में खेलती हैं। जीत के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से फोन पर बात कर उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री साय ने संजू देवी से बातचीत करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि, संजू ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल से न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता हर देशवासी के लिए गर्व का क्षण है।
प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए बनीं प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि, कोरबा की संजू देवी ने मेहनत के दम पर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई और देश का प्रतिनिधित्व किया। उनकी सफलता छत्तीसगढ़ के उन हजारों युवा खिलाड़ियों, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रहे हैं।
खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर
CM साय ने कहा कि, राज्य सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस मौके पर छत्तीसगढ़ ओलिंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी।
भारत को एक दिन में कबड्डी के दो गोल्ड मिले
भारत ने एशियन गेम्स में एक ही दिन कबड्डी के दोनों गोल्ड जीत लिए। महिला टीम ने फाइनल में ईरान को 37-34 से हराया। इसके बाद पुरुष टीम ने भी ईरान को 40-34 से हराकर गोल्ड अपने नाम किया। शनिवार को पुरुष टीम ने एशियन गेम्स में लगातार 10वीं बार मेडल जीता। महिला टीम ने लगातार 5वें एशियाड में मेडल हासिल किया।