बैकुंठपुर। सरगुजा संभाग में हाथियों का उत्पात जारी है। इसी बीच कोरिया जिला स्थित गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र में सडक़ निर्माण कार्य में लगे 2 मजदूरों को रविवार की रात हाथियों ने कुचलकर मार डाला। दोनों रात में सडक़ किनारे सो रहे थे। इसी दौरान हाथियों का दल वहां पहुंच गया और उनपर हमला कर दिया। हाथियों को देख अन्य मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि एक युवा मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आगे की प्रक्रिया पूरी की।
कोरिया जिले के रामगढ़ से कोटाडोल तक करीब 27 किलोमीटर सडक़ निर्माण का कार्य इन दिनों चल रहा है। इसमें काफी संख्या में मजदूर कार्यरत हैं। एमसीबी जिले के ग्राम नगर निवासी 22 वर्षीय गौरव और 35 वर्षीय अमर भी सडक़ निर्माण कार्य में लगे थे।
रविवार को काम खत्म होने के बाद रात में खाना खाकर अन्य मजदूरों के साथ दोनों ग्राम देवशील के पास सडक़ किनारे चादर बिछाकर सोए थे। इसी दौरान रात करीब 11.30 बजे हाथियों का दल वहां आ पहुंचा और दोनों के ऊपर हमला कर दिया।