
कोरबा। कोरबा जिले में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में शादी से लौट रही दुल्हन की गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए।
घटना डबरीपारा मोड़ के पास की बताई जा रही है। वाहन (तूफान CG 11 BJ 9084) ग्राम कसरेंगा से कोरबा के दादर खुर्द की ओर जा रहा था। गाड़ी में दुल्हन सहित महिलाएं और बच्चे समेत कुल 11 लोग सवार थे। इसी दौरान अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ा और गाड़ी पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
घटना में एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल 10 लोगों का इलाज बांकी मोंगरा स्थित एसईसीएल अस्पताल में जारी है। घायलों में कई महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।