
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चैत्र नवरात्रि, नव संवत्सर और गुड़ी पड़वा के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि शक्तिस्वरूपा मां दुर्गा की असीम कृपा से सभी का जीवन सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य से परिपूर्ण हो तथा विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा मिले।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि नवरात्रि का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, सौभाग्य और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने लिखा कि शक्ति की आराधना का यह दिव्य अवसर हर किसी के लिए सकारात्मक ऊर्जा और कल्याण का संदेश लेकर आए।
पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि मां दुर्गा की कृपा से देश के विकास के संकल्प को भी नई शक्ति मिले। उन्होंने ‘जय अंबे जगदंबे मां’ का उद्घोष करते हुए देशवासियों के सुखद भविष्य की कामना की।
एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने नवरात्रि के प्रथम दिन पूजित देवी शैलपुत्री का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देवी शैलपुत्री के आशीर्वाद से जीवन में संयम, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
प्रधानमंत्री ने संस्कृत सुभाषित साझा करते हुए लिखा—“वन्दे वाञ्छितलाभाय चन्द्रार्धकृतशेखराम्। वृषारूढां शूलधरां शैलपुत्रीं यशस्विनीम्।” इसका अर्थ बताते हुए उन्होंने कहा कि देवी शैलपुत्री भक्तों की सभी इच्छाओं को पूर्ण करने वाली हैं और उनके आशीर्वाद से जीवन में सफलता और संतुलन आता है।
पीएम मोदी ने एक भजन भी साझा करते हुए मां दुर्गा के चरणों में नमन किया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के इस पावन पर्व पर मां से प्रार्थना है कि वे सभी देशवासियों पर अपनी कृपा बनाए रखें और उन्हें सुख-समृद्धि प्रदान करें।
नव संवत्सर के अवसर पर प्रधानमंत्री ने देशवासियों को अनंत शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नया वर्ष सभी के जीवन में साहस, आत्मविश्वास और सेवा भावना को मजबूत करे, जिससे राष्ट्र निर्माण को भी नई दिशा मिले।
गुड़ी पड़वा के अवसर पर पीएम मोदी ने इसे नए वर्ष के आगमन का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह पर्व नई ऊर्जा, आशा और अवसरों का संदेश देता है। उन्होंने कामना की कि आने वाला वर्ष सभी के लिए खुशियों, सफलता और उत्तम स्वास्थ्य से भरा हो और हर व्यक्ति को अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करे।