शहीद वीर नारायण सिंह की मूर्ति का अनावरण: सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दावनबोड़ में फूंका विकास का बिगुल, क्षेत्र को दी ₹50 लाख से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

रायपुर । रायपुर लोकसभा के कर्मठ, जनप्रिय सांसद और विकास पुरुष बृजमोहन अग्रवाल का ग्राम दावनबोड़ (विकासखंड भाटापारा) आगमन पर क्षेत्रवासियों ने ऐतिहासिक और आत्मीय स्वागत किया। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विश्व आदिवासी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य जनसभा में
छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, महान योद्धा अमर शहीद वीर नारायण सिंह जी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह, भगवान बिरसा मुंडा और रानी दुर्गावती जैसे अमर सेनानियों ने जल, जंगल, जमीन और राष्ट्र की अस्मिता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि अकाल के कठिन दौर में गरीबों का पेट भरने के लिए अंग्रेजों के गोदाम तक खोल देने वाले छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, महान योद्धा अमर शहीद वीर नारायण सिंह जी का बलिदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। नई पीढ़ी को इन महानायकों के पदचिन्हों पर चलकर देश और समाज की सेवा का संकल्प लेना चाहिए।
सदैव जनता के सुख-दुख के साथी रहे बृजमोहन अग्रवाल ने ग्रामीणों की मांगों को पूरी तत्परता से सुनते हुए मंच से ही ₹50 लाख से अधिक की लागत वाले विभिन्न जनकल्याणकारी निर्माण कार्यों की स्वीकृति दी।

ग्राम दावनबोड़ में सामुदायिक भवन व मंच निर्माण हेतु ₹10 लाख तथा सीमेंट कंक्रीट (CC) सड़क निर्माण हेतु ₹5 लाख
हायर सेकेंडरी स्कूल (कोड़िया): छात्रों की सुविधा हेतु भव्य शेड निर्माण के लिए ₹10 लाख, ग्राम हीरनभट्टा में स्कूल में प्रार्थना शेड व अन्य निर्माण कार्यों हेतु ₹10 लाख
ग्राम जामडीह में महामाया मंदिर प्रांगण में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु ₹5 लाख
ग्राम मोभट्टा में मुक्तिधाम शेड व आवश्यक निर्माण हेतु ₹5 लाख, ग्राम रोहला में सीसी रोड निर्माण हेतु ₹5 लाख, मुड़पार चौक पर मंच व शेड निर्माण हेतु राशि की स्वीकृति।

अग्रवाल ने गांव में अवैध शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने वाली स्थानीय ‘महिला कमांडो’ के अदम्य साहस की भूरी-भूरी प्रशंसा की और महिला कमांडो को साड़ी के लिए 20 हजार रुपए देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के सपनों का छत्तीसगढ़ आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सशक्त नेतृत्व में तेजी से गढ़ रहा है। किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल धान का मूल्य मिलना और ‘महतारी वंदन योजना’ के माध्यम से माताओं-बहनों का स्वाभिमान लौटना डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी सोच का प्रमाण है।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं शिव रतन शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष आनंद यादव, गोविंद वर्मा, शशि आनंद बंजारे, गोपाल शुक्ला, सीता शशिकांत, नारायण साहू, भंवर सिंह मुईके, वेदराम साहू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पंच-सरपंच और भारी तादाद में ग्रामीण उपस्थित रहे।