NMEO योजना से किसान बेसाहू राम की खेती को मिली नई दिशा

रायपुर, 4 अगस्त 2026 किसानों की आय में वृद्धि तथा तिलहनी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-ऑयल पाम एवं तिलहन (NMEO) योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना के तहत किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी एवं समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे किसानों को बेहतर उत्पादन की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं।
सरगुजा जिले के ग्राम ईरगवां निवासी किसान बेसाहू राम ने कृषि विभाग से संपर्क कर NMEO योजना का लाभ लिया। विभाग द्वारा उन्हें 40 किलोग्राम उन्नत किस्म का मूंगफली बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया गया, जिसे उन्होंने अपनी एक एकड़ कृषि भूमि में बोया है।
बेसाहू राम ने बताया कि ग्राम कृषि विस्तार अधिकारी के मार्गदर्शन में खेत की समुचित तैयारी, वैज्ञानिक तरीके से बुवाई तथा फसल प्रबंधन किया गया। आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने से बीज का अंकुरण उत्कृष्ट हुआ है और फसल की बढ़वार भी संतोषजनक है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए इस वर्ष मूंगफली की अच्छी पैदावार होने की पूरी संभावना है, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि कृषि विभाग द्वारा समय पर गुणवत्तायुक्त बीज और तकनीकी सलाह उपलब्ध कराए जाने से खेती की गुणवत्ता में सुधार आया है। वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने का लाभ सीधे उत्पादन पर दिखाई दे रहा है, जिससे किसानों का आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-ऑयल पाम एवं तिलहन (NMEO) योजना के माध्यम से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, आधुनिक कृषि तकनीक एवं नियमित तकनीकी परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे तिलहनी फसलों के उत्पादन में वृद्धि के साथ किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिल रही है।
कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे शासन की कृषि हितैषी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर वैज्ञानिक एवं आधुनिक पद्धति से खेती करें, ताकि कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर अपनी आर्थिक स्थिति को और अधिक सुदृढ़ बना सकें।