रायपुर। स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ की प्रांतीय टीम ने आज माननीय स्वास्थ्य मंत्री जी से सौजन्य भेंट कर कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों, विशेष रूप से वेतन संशोधन एवं पदनाम संबंधी विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री जी ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से तत्काल चर्चा की तथा निर्धारित समयावधि में आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने पर सहमति व्यक्त की। साथ ही पदनाम संबंधी विषय पर भी शीघ्र निर्णय लेने हेतु विभाग को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
चर्चा के दौरान कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक एवं सार्थक संवाद हुआ। मंत्री जी ने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की जायज मांगों के निराकरण हेतु विभाग स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मांगों के पूर्ण होने की स्थिति में एक भव्य सम्मेलन आयोजित किए जाने के संबंध में भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश पटेल द्वारा लिखित पुस्तक भी माननीय मंत्री जी को भेंट की गई। पुस्तक प्राप्त कर मंत्री जी ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा उसकी सराहना करते हुए एक प्रति अपने व्यक्तिगत अध्ययन हेतु सुरक्षित रखवाई। साथ ही पुस्तक का विमोचन भी किया गया और इसके अध्ययन की बात कही।
प्रांतीय टीम ने मंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय प्राप्त होंगे।
भेट मुलाकात के दौरान टारजन गुप्ता प्रदेश अध्यक्ष स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ,हरीश जायसवाल प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रवीण ढीडवंशी प्रदेश सचिव,सुरेश पटेल प्रदेश प्रवक्ता,संत साहू प्रदेश आईटी सेल प्रभारी,आरके शर्मा जी प्रदेश कोषाध्यक्ष शामिल रहे