समय-सीमा की मीटिंग वर्चुअल मोड में हुई:ब्लॉक स्तर पर भी लागू होगी व्यवस्था

रायपुर। रायपुर कलेक्टर ऑफिस में समय सीमा की बैठक वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई। मुख्यमंत्री के निर्देश पर ईंधन के मितव्ययितापूर्ण इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार केवल कलेक्ट्रेट परिसर स्थित शासकीय कार्यालयों के अधिकारी ही भौतिक रूप से बैठक में शामिल हुए।
रेडक्रॉस सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि जिले के अन्य कार्यालयों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। प्रशासन का कहना है कि इससे अनावश्यक आवागमन कम होगा और ईंधन की बचत हो सकेगी।
समय और संसाधनों की बचत पर जोर
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि इस व्यवस्था से अधिकारियों के समय का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि वर्चुअल बैठकों के जरिए प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने के साथ संसाधनों की भी बचत होगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी इस तरह की बैठकें आयोजित की जाएं। साथ ही ब्लॉक स्तर पर भी वर्चुअल बैठक व्यवस्था को बढ़ावा देने की बात कही, ताकि ईंधन बचत और कार्यकुशलता दोनों सुनिश्चित हो सकें।