कोरबा। कोरबा जिले से सोशल मीडिया रील बनाने के दौरान दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था और इसी दौरान रील बनाने के लिए उसने नदी में छलांग लगा दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह हादसा कुसमुंडा थाना क्षेत्र स्थित अहिरन नदी का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय निखिल सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, निखिल अपने तीन दोस्तों के साथ अहिरन नदी पहुंचा था। वहां सभी नहा रहे थे और मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान निखिल ने नदी में छलांग लगाई, जिसे उसके दोस्त कैमरे में रिकॉर्ड कर रहे थे। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि छलांग लगाने के बाद युवक पानी में हाथ-पैर मारता नजर आता है। उसके दोस्त शुरुआत में यह समझते रहे कि वह सामान्य रूप से तैर रहा है। लेकिन कुछ ही देर में निखिल गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक करीब तीन मिनट तक पानी में संघर्ष करता रहा, लेकिन मौके पर मौजूद दोस्त उसे बचाने के लिए पानी में नहीं उतरे। जब तक उन्हें स्थिति की गंभीरता का एहसास हुआ, तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोग रील बनाने के बढ़ते क्रेज और लापरवाही को हादसे की वजह बता रहे हैं।
48 घंटे चला सर्च ऑपरेशन
हादसे के बाद दोस्तों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की गई। लगातार दो दिनों तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। गोताखोरों ने गहरे पानी में युवक को खोजने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार देर शाम करीब 48 घंटे बाद रेस्क्यू अभियान बंद करने की तैयारी की जा रही थी, तभी अचानक युवक का शव नदी के पानी के ऊपर आ गया। इसके बाद पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।